ओलावृष्टि का मुआवजा सहित किसानों की कई मांगों के लिए गुरुवार को किसान सभा ने डीएम आफिस के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सिटी सिटी मजिस्ट्रेट का ज्ञापन सौंपा।
गुरुवार को टैंक चौराहे पर एकत्रित होकर किसान सभा के नेतृत्व में किसान और महिलाओं ने कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया तो सड़क पर ही प्रदर्शन करने बैठ गए। आखिरकार उन्हें कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई, लेकिन चंद कदम दूर ही एक बार फिर उन्हें डीएम आफिस कैंपस में प्रवेश करने से रोक दिया गया।
गौरतलब रहे कि अब कैंपस की चारदीवारी ऊंची करा दी गई हैं, धरना-प्रदर्शन करने वाले लोग अब गेट के अलावा कैंपस में प्रवेश नहीं कर सकते हैं। यह व्यवस्था हाल ही में की गई है। इसके कारण किसान सभा के कार्यकर्ताओं को भी डीएम आफिस कैंपस के गेट पर ही रोक दिया गया।
यहां कार्यकर्ताओं ने प्राकृतिक आपदा, महंगाई, भ्रष्टाचार से तंग किसानों की बात रखी। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट विजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्राप्त किया। धरने को संबोधित करने वालों में प्रदेश संयोजक छीतर सिंह एड, पश्चिमांचल संयोजक राधा चौधरी, पूरनमल शर्मा, थान सिंह एडवोकेट, रामवीर सिंह, बच्चू सिंह, लीलावती, शीलादेवी आदि शामिल रहे।