तंतूरा रोड पर सारंग बिहार (बालाजीपुरम) में रालोद की ओर से वीर नारियों का सम्मान एवं भूतपूर्व सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें रालोद महासचिव जयंत चौधरी ने कहा कि जवानों की शहादत से ही देश का हर तबका सुरक्षित है। हमारे जवानों से दुश्मनों की रूह कांपती है।
उन्होंने कहा कि शहीद स्मृति ग्राम विकास योजना के तहत शहीद के गांवों का विकास होना चाहिए, इससे गांव समृद्ध बनेगा और शहीद की यादें प्रत्येक ग्रामीण के मन में ताउम्र बनी रहेंगी। युवा पीड़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले सकेगी। रालोद महासचिव ने 125 शहीदों के परिवारीजनों को शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
इस दौरान पूर्व सैनिकों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मथुरा के 65 शहीदों के परिवार ने शिरकत की। इसके अलावा 60 शहीदों के परिवार आगरा, हाथरस और अलीगढ़ से आए, जिनका सम्मान किया गया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह भरंगर, रालोद नेता पंडित हरीश शर्मा, कुंवर नरेंद्र सिंह, अमर सिंह पौनियां, योगेश नौहवार, रविंद्र सिंह नरवार, निरंजन सिंह धनगर, प्रताप सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, पूर्व विधायक अनिल सिंह, नवाब सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता बदन सिंह ने, संचालन खेमचंद शर्मा ने किया। मंच पर कर्नल विक्रम सिंह, कर्नल बीपी सिंह, कैप्टन हरिहर शर्मा, कैप्टन ब्रजलाल, जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह भरंगर मौजूद रहे।
जयंत ने सराहा नोटबंदी का फैसला
रालोद महासचिव जयंत चौधरी ने नोटबंदी का स्वागत किया है। पूर्व सांसद ने केंद्र सरकार से किसानों का कर्ज माफ कर किसानों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग भी की है। पूर्व सांसद ने शहीद की वीर नारियों को प्रदेश सरकार की ओर से नौकरी दिए जाने की वकालत की है। इससे कि यह वीर नारियां गृह जनपद में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें। पूर्व सांसद ने प्रदेश सरकार को पूर्व सैनिकों को भी रोजगार दिए जाने की मांग की।
मोदी ने बढ़ाई सेना की ताकत: विक्रम सिंह
कर्नल विक्रम सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि 70 साल से सेना अत्याधुनिक हथियारों के लिए तरस रही थी, उसे मोदी ने तत्काल पूरा कराया। तीनों सेना के चीफों को बुलाकर उनकी बात सुनी और गंभीरता से लेते हुए ढाई लाख करोड़ रुपये के इक्यिुपमेंट दिला दिए। आज देश की तीनों सेनाएं काफी मजबूत हैं।
शहीद के घर वाले करते रहे इंतजार
मथुरा। शहीद बबलू के परिवार वाले जयंत चौधरी का इंतजार करते रहे, लेकिन वह उनके घर पर नहीं पहुंचे। जबकि पहले कहा गया था कि पूर्व सांसद उनके घर पर पहुंचेंगे।