मथुरा मार्ग स्थित जिला सेवायोजन कार्यालय में लगे रोजगार मेले में ब्रज के युवाओं को आगरा, हरियाणा की कंपनियों ने नौकरी दी है। कंपनियों के अधिकारियों ने साक्षात्कार के माध्यम से युवाओं की क्षमता एवं दक्षता को परखा। साक्षात्कार में असफल युवाओं को नौकरी पाने के टिप्स दिए।
शुक्रवार को जिला सेवायोजन कार्यालय में आयोजित रोजगार मेले में मथुरा और आसपास के क्षेत्र के 123 युवा नौकरी पाने के लिए पहुंचे। आगरा की सर्वेयर कंपनी एसडीबी टेक, आरएसटी ग्रुप एवं हरियाणा की ऑटोमोबाइल की कंपनी हाईवे रोप एवं एसआईएस सिक्योरिटी के अधिकारियों ने युवाओं का साक्षात्कार लेने के साथ उनकी कार्यक्षमता और दक्षता को परखा।
इसमें ब्रज के 52 युवाओं को नौकरी मिली। एसआईएस कंपनी के अधिकारी पीएन मलिक ने बताया कि सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से 21 राज्यों में मंदिर एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्ड तैनात किए जा रहे हैं। यहां 10 युवाओं को सुरक्षा गार्ड की नौकरी दी गई है। जो युवा अनफिट रहे उन्हें भविष्य के लिए टिप्स दी गई। प्रभारी जिला रोजगार सहायता अधिकारी सुगंधा जैन ने बताया कि रोजगार मेला में चार निजी कंपनियों को आमंत्रित किया गया था।