मथुरा। सोमवार को हुई बारिश के बाद शहर की विद्युत व्यवस्था पटरी से उतर गई। बारिश के कारण जगह-जगह फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही तो कुछ स्थानों पर बार-बार बिजली आती-जाती रही। विद्युत निगम के कर्मचारी दिनभर फाल्ट तलाशने और उन्हें ठीक करने में जुटे रहे। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से 50 से अधिक कॉलोनियों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान शहर के डैंपियर नगर, कृष्णा नगर, मसानी, औद्योगिक क्षेत्र, डीग गेट, भरतपुर गेट, होलीगेट, स्वामी घाट, विकास बाजार, जयगुरुदेव क्षेत्र, हाईवे क्षेत्र की कॉलोनियां और एटीवी की पीछे की कॉलोनियों में लाइट न आने के कारण लोग परेशान रहे। इसी तरह रिफाइनरी विद्युत उपकेंद्र से पोषित कोयला फीडर टू-फेस होने के कारण बंद हो गया। इससे संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं औरंगाबाद विद्युत उपकेंद्र से पोषित कदंब बिहार फीडर भी ब्रेकडाउन का शिकार हो गया। इसके चलते कदंब बिहार समेत आसपास की कई कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बारिश के कारण बिजली लाइनों और उपकरणों में फाल्ट आने से निगम कर्मचारियों को लगातार पेट्रोलिंग करनी पड़ी। कर्मचारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर फाल्ट तलाशे और उन्हें ठीक करने का काम किया। कई स्थानों पर फाल्ट ठीक होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन कुछ क्षेत्रों में देर तक आपूर्ति प्रभावित रही।
पेयजल समस्या भी हुई उत्पन्न
बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में पंखे और कूलर बंद होने से उमस बढ़ गई। वहीं, पानी की मोटर न चलने से लोगों को पेयजल की समस्या का भी सामना करना पड़ा। लोगों ने बताया कि कई बार विद्युत विभाग के दफ्तर में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वहां से भी फाल्ट के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।