मथुरा। महाविद्या इलाके में रविवार रात्रि को हुए फॉल्ट के बाद सोमवार सायं छह बजे तक बिजली गुल रही। 20 घंटे तक बिजली गुल रहने लोग प्रकाश, पानी के लिए परेशान हो उठे। सोमवार सायं छह बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।
रविवार रात्रि रामलीला ग्राउंड के निकट बिजली की अंडरग्राउंड मेन केबल में फॉल्ट हो गया। रात्रि में बिजली कर्मियों की टीम गई, लेकिन फॉल्ट कहां हुआ है, यह पता नहीं चल सका। सुबह 10 बजे फॉल्ट खोजा जा सका। 12 बजे उसे सही किया, तो महाविद्या चौराहे व अन्य तीन स्थानों पर अलग अलग फॉल्ट हो गए।
इसे लेकर बिजलीकर्मी चकरघिन्नी बने रहे। सायं छह बजे बिजली आपूर्ति चालू हो सकी। एसडीओ मसानी गौरव गुप्ता ने बताया कि फॉल्ट लोकेट करने में परेशानी हुई। इस काम पर 24 आदमी लगाए गए थे।