मथुरा। अब महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। थाने में लगी कंपनी की गाड़ी का चालक थाने में तैनात महिला सिपाही को अश्लील मैसेज भेज रहा है। इस मामले की शिकायत एसएसपी से हुई तो जांच सीओ को सौंप दी गई, लेकिन अभी तक जांच पूरी नहीं हुई है न आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई।
मामला रिफाइनरी सर्किल के एक थाने में तैनात एक महिला सिपाही से जुड़ा है। थाने में एक कंपनी की ओर से गाड़ी लगाई गई है जो हाईवे पर गश्त के काम आती है। कंपनी की गाड़ी पर तैनात चालक ने काफी दिन पहले थाने में तैनात महिला सिपाही को मैसेज भेजे तो वह अनदेखा करती रही। बाद में चालक अश्लील मैसेज भेजने लगा तो शिकायत के लिए एसएसपी से मिलने के लिए फोन किया।
एसएसपी के पीआरओ ने महिला सिपाही से सीयूजी नंबर पर समस्या बताने की कहकर टाल दिया। इसके बाद महिला सिपाही एसएसपी से मिली तो इस मामले की जांच सीओ रिफाइनरी वरुण कुमार को सौंपी गई। सीओ ने इस मामले की जांच कर रहे हैं। सीओ रिफाइनरी वरुण कुमार ने बताया कि महिला सिपाही को अश्लील मैसेज भेजने के मामले की जांच मेरे पास है। कुछ लोगों के बयान ले लिए गए हैं। कुछ लोगों के बयान लेना बाकी है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी जाएगी।