वृंदावन(मथुरा)। नर्सिंग छात्रा की ओर से भागवताचार्य और उनके साथी के खिलाफ दुष्कर्म सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। इस मामले की विवेचना इंस्पेक्टर क्राइम को सौंपी गई है। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस एक-एक कदम सोच समझकर आगे बढ़ा रही है।
विदित है कि थाना जमुनापार क्षेत्र निवासी नर्सिंग की छात्रा ने वृंदावन कोतवाली में मोतीझील निवासी भागवताचार्य कार्ष्णि नागेंद्र महाराज एवं उनके साथी प्रॉपर्टी डीलर देवेंद्र शुक्ला उर्फ पूरन निवासी पानीगांव थाना जमुनापार के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ विवेचना शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि विवेचना कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम एमएस भाटी को सौंपी गई है। हालांकि मंगलवार को ना तो पीड़िता के बयान हो सके और ना आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर सकी है।
मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस हर कदम बड़े सोच समझकर आगे बढ़ाए जाने में ही भलाई समझ रही है। इधर, भागवताचार्य नागेंद्र महाराज पर दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद उनके करीबी अधिकारियों, बिल्डरों, ठेकेदारों एवं धर्मावलंबियों ने दूरी बनाना शुरू कर दिया है। लोग अब नागेंद्र महाराज से संबंधों पर चुप्पी साध रहे हैं। पुलिस ने उनके कई करीबियों से बात करने का प्रयास कर सच्चाई जानने की कोशिश की, लेकिन सभी ने अपने संबंधों में खटास का बहाना बताकर दूरी बना ली है।