मथुरा में आयकर विभाग की ओर से ई-रिक्शा चालक को भेजे गए 3.47 करोड़ रुपये के नोटिस के मामले में थाना हाईवे पुलिस ने शुक्रवार को आयकर विभाग को पत्र लिखा है। पुलिस ने आयकर विभाग से पूछा है कि आरोपी कौन हैं, उसकी जांच करके बताएं। इससे उस जालसाज पर कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस आयकर विभाग के जवाब का इंतजार कर रही है।
थाना हाईवे की अमर कॉलोनी निवासी प्रताप सिंह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार को पाल रहा है। 19 अक्तूबर को उसके पास आयकर विभाग से फोन आया और ऑफिस बुलाया। यहां पर उसे 3.47 करोड़ रुपये का नोटिस दिया गया। उसने थाना हाईवे में मामले की तहरीर दी। जांच में पता चला कि उसके पैन कार्ड का इस्तेमाल करते हुए जीएसटी नंबर से लेकर फर्जी कंपनी बनाकर जालसाजी की गई है।
थाना हाईवे पुलिस ने दिल्ली में जाकर फर्म की तलाश की, पर वह फर्म भी फर्जी निकली। एक महीना गुजरने वाला है, लेकिन अभी तक पुलिस और आयकर विभाग यह पता नहीं लगा सका कि आखिर जालसाज कौन है? प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि आयकर विभाग को पत्र लिखकर भेजा गया है। आयकर विभाग जांच करके जालसाज कौन है, जानकारी दे तो कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।