वृंदावन (मथुरा)। महिला ने पति पर जबरन दुष्कर्म व दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पति व सास-ससुर समेत 4 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मूलरूप से दिल्ली निवासी महिला ने वृंदावन कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह पहले पति से तलाक के बाद वृंदावन में रमनरेती पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक बिल्डिंग के फ्लैट में 10 साल के बेटे के साथ रहकर प्रभु भक्ति कर रही थी। इसी बीच उसकी मुलाकात आंध प्रदेश और हाल में इसी बिल्डिंग के फ्लैट में रहने वाले व्यक्ति से हुई। महिला के अनुसार व्यक्ति ने किसी तरह उसे शादी के लिए मना लिया और रास मंडल मंदिर में 31 जनवरी 2020 को शादी कर ली। कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक चलता रहा लेकिन बाद में उसे पता चला कि वह कई महिलाओं के संपर्क में है। जिसका विरोध करने पर उसकी पिटाई की गई और उत्पीड़न होने लगा।
महिला का आरोप है कि 10 मार्च 2020 को घर आए कुछ मित्रों ने पति के सामने ही उससे अश्लील हरकत की। पति ने मित्रों के सामने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब सास-ससुर व देवर को यह बात बताई तो उन्होंने भी पति का पक्ष लेकर उसकी पिटाई की। सभी लोग उससे दहेज की मांग कर रहे हैं। रमनरेती चौकी प्रभारी ललित कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।