मथुरा। 21वीं स्टेट यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय चयन ट्रायल में पुलिस मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने परचम लहराया है। अंडर-18 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रिंस यादव और बालिका वर्ग में अनामिका पाल का चयन हुआ है।
जिला एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने बताया कि विभिन्न आयु वर्गों के कड़े मुकाबले के बाद दोनों धावकों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया। चयनित खिलाड़ी 7 और 8 अगस्त को प्रयागराज में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। छात्रों की इस उपलब्धि पर शारीरिक शिक्षक कर्मवीर और तेजेस चौधरी के मार्गदर्शन की सराहना की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, पुलिस अधीक्षक क्राइम श्वेता यादव, क्षेत्राधिकारी सिटी आशना चौधरी और विद्यालय की प्रधानाचार्या ऋचा वशिष्ठ ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।