मथुरा। भाइयों को फंसाने के लिए पहले पत्नी के घुटने के नीचे गोली मारी। उसके बाद पुलिस को हमले की सूचना दे डाली। शेरगढ़ पुलिस ने सख्ती बरती तो रची गई साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार करते तमंचा और कारतूस बरामद कर लिया है।
मामला थाना शेरगढ़ के गांव बसई बुर्ज का है। वीरेंद्र पुत्र मोतीराम का भाई सुभाष और राधाचरण से जमीन और घर के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार की दोपहर वीरेंद्र ने दोनों भाइयों को फंसाने के लिए पत्नी ममता की टांग के पास घुटने से नीचे तमंचे से 315 बोर की गोली मार दी। लहूलुहान हुई पत्नी को गोली मारने की सूचना शेरगढ़ पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर जानकारी जुटाई तो साजिश से पर्दा हट गया। पुलिस ने पति वीरेंद्र को गिरफ्तार करते हुए खेत से तमंचा और खाली कारतूस भी बरामद कर लिया।
सीओ छाता जितेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन और घर के बंटवारे को लेकर भाइयों को फंसाने के लिए वीरेंद्र ने ही अपनी पत्नी को गोली मारकर घायल किया है। जानलेवा हमले में आरोपी पति को जेल भेजा जाएगा। पूर्व में भी बंटवारे को लेकर भाई और आरोपी शांतिभंग में गिरफ्तार हो चुके हैं। पत्नी का इलाज कराया जा रहा है।