कोसीकलां। अग्रसेन चौक के समीप हुई गोवंश चोरी की घटना में वांछित आरोपी को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी की टांग में गोली लगी है। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। आरोपी के कब्जे से गोवंश चोरी में प्रयुक्त सफेद रंग की बोलेरो पिकअप, तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
विज्ञापन
सीओ भूषण वर्मा ने बताया कि बीती 12 नवंबर की देर रात अग्रसेन चौक के समीप गोवंश चोरी की वारदात हुई थी। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कोसी-न्यूकामर रोड स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास मौजूद हैं। पुलिस ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पकड़े गए आरोपी की पहचान हुसैन उर्फ रांघड़ निवासी गांव नरयाला, थाना पिनगंवा, जनपद नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। संवाद