मथुरा के महावन थाना क्षेत्र में शनिवार को मोबाइल सेंटर में काम करने वाले युवक से मारपीट कर बाइक और मोबाइल फोन लूटने वाले बदमाशों की मंगलवार तड़के स्वाट और पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में चारों बदमाश घायल हो गए।
एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि 15 फरवरी की रात को नगला लोका निवासी राजकुमार को खानपुर चौराहे पर नकाबपोश बदमाशों ने रोका। लाठी डंडों से उसके ऊपर हमला किया और बाइक व मोबाइल फोन लूटकर ले गए। युवक ने किसी तरह परिजन को जानकारी दी तो वह ग्रामीणों के साथ पहुंच गए। पुलिस भी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची।
बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार देर रात स्वाट टीम प्रभारी अभय कुमार शर्मा को सूचना मिली कि महावन-बल्देव मार्ग से चिंताहरण मंदिर जाने वाले रास्ते पर बन रही कालोनी में कुछ संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। स्वाट टीम प्रभारी ने तत्काल इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
उच्चाधिकारियों ने सीओ महावन धर्मेंद्र सिंह चौहान को बदमाशों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। सीओ महावन के नेतृत्व में स्वाट, सर्विलांस और महावन थाना प्रभारी निरीक्षक डेजी पवार मौके पर पहुंचीं। मंगलवार की तड़के पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही थी तभी उन्हें तीन बाइक पर चार युवक दिखाई दिए। रोकने पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाशों की टांग में गोली लगी और वह घायल हो गए।
पूछताछ में उन्होंने अपने नाम महावन थाने के नगला हरजीवन निवासी सुमित, नगला महाराज सिंह निवासी मोहित उर्फ टपोरी, सोनू उर्फ लुक्का, जमुनापार के गांव अलीपुर निवासी तुलसी बताया। पुलिस ने इनके कब्जे से शनिवार को मोबाइल सर्विस सेंटर में काम करने वाले राजकुमार की बाइक, मोबाइल फोन, लूट में प्रयोग की गई दो अन्य बाइक, 4 तमंचा-कारतूस बरामद किए हैं।
तुलसी है गैंग का मास्टर माइंड
सीओ महावन ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार जमुनापार के गांव अलीपुर निवासी तुलसी गैंग का मास्टरमाइंड है। चारों बदमाश रात को सुनसान स्थानों पर राहगीरों पर हमला कर बाइक, मोबाइल, नकदी आदि लूटते हैं।
बताया कि सभी बदमाश 21 से 23 साल के युवा हैं। तुलसी महावन में किराए का कमरा लेकर रहता है और वारदातों को अंजाम देकर भाग जाता हैं। उन्होंने बताया कि तुलसी पर महावन के अलावा जमुनापार थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह सुमित के खिलाफ महावन में 3, मोहित उर्फ टपोरी पर महावन में दो, सोनू उर्फ लुक्का के ऊपर महावन थाने में दो मुकदमा दर्ज हैं।