मथुरा। प्लास्टिक मुक्त-ब्रज की रज अभियान के तहत पांच जून को गाड़ियों में प्लास्टिक लादकर जिले के विभिन्न ब्लॉकों से सदर तहसील तक शवयात्रा निकाली जाएगी। यहां से डीएम चंद्रप्रकाश सिंह हरी झंडी दिखाकर रिसाइकिल के लिए पीडब्ल्यूएम नौहझील के लिए रवाना करेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, आठ मई से जिले में प्लास्टिक मुक्त-ब्रज की रज अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ग्राम पंचायत अधिकारियों व प्रधानों ने गांव-गांव जाकर मेरी प्लास्टिक मेरी जिम्मेदारी की थीम पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही घरों व दुकानों में बोरियां लगवाकर उनमें प्लास्टिक इकट्ठी कराई गई। इस प्लास्टिक को चिन्हित स्थान पर एकत्रित कराया गया है।
डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया है कि जिले के विभिन्न विकास खंडों से एकत्रित प्लास्टिक को गाड़ियों में लादकर पांच जून को पर्यावरण दिवस पर शवयात्रा निकाली जाएगी। यह शवयात्रा सदर तहसील पर दोपहर 01:00 बजे संपन्न होगी। यहां से डीएम हरी झंडी दिखाकर एकत्रित प्लास्टिक को रिसाइकिल के लिए पीडब्ल्यूएम यूनिट नौहझील के लिए रवाना करेंगे। उन्होंने बताया है कि इसकी तैयारी के लिए ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। पांच जून को शवयात्रा निकालकर पर्यावरण स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। साथ ही लोगों को इसके लिए प्रति जागरूक भी किया जाएगा।