वृंदावन। वृंदावन में लाखों श्रद्धालु श्रीबांकेबिहारी जी के दर्शन के लिए आते हैं। सरकार श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए प्रयासरत है। जहां एक ओर कॉरिडोर को लेकर गहमागमी चल रही है, तो वहीं दूसरी ओर विकास की अन्य योजनाओं को शुरू किया जा रहा है। अभी हाल में एक नए टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर की योजना को मंजूरी मिली थी, जिस पर अब जल्द ही कार्य शुरू होने वाला है।
यह आधुनिक टीएफसी उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा बनाया जा रहा है। इस परियोजना पर करीब 33.59 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि यह नया टीएफसी, वर्तमान केंद्र के पीछे स्थित खाली भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसका कुल क्षेत्रफल 9818 वर्ग मीटर होगा। तीर्थ यात्रियों के लिए 67 नए डोरमेट्री रूम, जिनमें 268 बेड की व्यवस्था होगी, तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा 100 लोगों के ठहरने के लिए एक अतिरिक्त डोरमेट्री, 60 सीटों वाला रेस्टोरेंट, फूड कोर्ट, कांफ्रेंसिंग हॉल, शॉपिंग यूनिट, टॉयलेट ब्लॉक और वाहन पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
वर्तमान में पागल बाबा मंदिर के पास और सौ सैय्या अस्पताल के सामने स्थित मौजूदा टीएफसी में करीब 350 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। इसमें 8 कमरे और 6 डोरमेट्री, एक रेस्टोरेंट और श्रद्धालुओं के लिए खुली किचन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके साथ ही पार्किंग की सुविधा भी है। वर्तमान टीएफसी का संचालन उज्ज्वल ब्रज संस्था द्वारा किया जा रहा है और इसका निर्माण मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने किया था।