नौहझील (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेस-वे पर सवारियों से भरी व बैट्रियां लदी पिकअप टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद सवारियां मार्ग पर बिखर गईं। वहीं सवार 8 सवारियों में से एक बच्चे की मौत, 3 बच्चों समेत 7 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर नोएडा से आगरा की ओर जा रही पिकअप का टायर माइल स्टोन 60 के पास फट गया। इससे अनियंत्रित हुई पिकअप पलट गई और सवारियां बैट्री व गाड़ी के नीचे दब गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दबी सवारियों को बाहर निकाला। हादसे में दबकर नोएडा निवासी बौबी (09) पुत्र नवाब की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आगरा के सिकंदरा निवासी चांद खां (47) , उनकी पत्नी बचका, बेटी नजमा व नोएडा निवासी रफीक व सलीम पुत्र सत्तार, रिजवान (4) व आदित्य (2) पुत्र रफीक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भिजवाया गया। गंभीर हालत होने डाॅक्टरों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गाड़ी को क्रेन की मदद से किनारे कराकर यातायात सुचारू कराया गया। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।