मथुरा के महावन में बरेली-जयपुर हाईवे पर गलत दिशा से आ रही कार को बचाने के प्रयास में पेट्रोल से भरा टैंकर पलट गया। हादसे के बाद कुछ ग्रामीण बाल्टी-बर्तन लेकर पेट्रोल भरने पहुंच गए, जिन्हें पुलिस ने रोका। सूचना पर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थिति संभाली। हादसे के चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि कोई बड़ा हादसा होने से बच गया।
मथुरा के महावन में बरेली-जयपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे नगला जंगली महावन के पास पेट्रोल से भरा टैंकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टैंकर पलटने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल को बुलाया। दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, नायरा कंपनी का टैंकर मथुरा रिफाइनरी से पेट्रोल लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। नगला जंगली के पास गलत दिशा से आ रही कार को बचाने के प्रयास में चालक टैंकर से नियंत्रण खो बैठा। इससे टैंकर हाईवे पर पलट गया।
टैंकर पलटने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी और बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। कुछ लोग टैंकर से पेट्रोल भरकर ले जाने लगे। पुलिस ने ग्रामीणों को रोककर मौके पर स्थिति नियंत्रित की। हादसे के चलते बरेली-जयपुर हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।