नौहझील। नौहझील के 15 गांवों के लोगों ने आगामी विधानसभा चुनावों में मतदान के बहिष्कार का एलान किया है। गांव-गांव लोग बस एक ही बात बोल रहे हैं कि सड़क नहीं तो वोट नहीं।
नौहझील से रायपुर जाने वाली 12 किमी लंबी सड़क पिछले दो साल से टूटी हुई है। सड़क में बने गहरे-गहरे गड्ढों में पानी भर गया है। जिससे लोगों का आवागमन भी बंद हो गया है। सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। रविवार को लोगों ने सड़क के गहरे गड्ढों में भरे पानी में अर्धनग्न खड़े होकर प्रदर्शन किया। विधानसभा चुनावों में मतदान बहिष्कार का एलान किया। सड़क नहीं तो वोट नहीं नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक संदेश भेजा जा रहा है।
प्रदर्शन में जीतपाल प्रधान, ब्रजेश चौधरी, विनीत चौधरी, चतुर सिंह सोलंकी, अजय चौधरी, बनवारी अग्रवाल, कालू मिस्त्री, ओमवीर सिंह, प्रेमवीर नौहवार, खजान सिंह, लेखराज सिंह आदि शामिल रहे।
ये गांव हैं सड़क से प्रभावित
अड्डा मीणा, फिरोजपुर, मंगलखोर, भैरई, मुसमुना, जाफरपुर, सत्ती का नगला, नानकपुर, भगवान गढ़ी, मनी गढ़ी, तिलका गढ़ी, रायपुर, फरीदमपुर, खुशला गढ़ी, अनरदा गढ़ी।