मथुरा। थाना रिफाइनरी के गांव करनावल में पीड़ित अनुसूचित जाति के परिवार पर अत्याचार कई सालों से हो रहा है। दुल्हनों और बरातियों को पीटने वालों में नामजद एक हमलावर ने पीड़ित परिवार के एक बीघा खेत पर पिछले आठ साल से कब्जा कर रखा है।
दुल्हनों और बरातियों को पीटने वाले दबंग किस्म के लोग हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले 8 साल से हमले में नामजद श्रीपाल ने उनके एक बीघा खेत पर कब्जा कर रखा है। आठ साल से वह खेत में फसल कर रहा है और पीड़ित परिवार चुपचाप सह रहा है। पीड़ित पिता ने बताया कि आठ साल पहले श्रीपाल के घरवालों ने उनके खेत पर कब्जा कर लिया। उन्होंने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। बताया कि श्रीपाल और उनके खेत पास में हैं।
दुल्हनों को मां ने बताया कि हमारा रास्ता भी हमलावरों के घर के सामने से गुजरता है। यदि हम खेत को लेकर विरोध करते तो गांव में रहना मुश्किल हो जाता है। इसलिए परिवार की जान की सुरक्षा के कारण खेत को छोड़ना ही मुनासिब समझा। पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे किसान नेता छीतर सिंह एडवोकेट ने उन्हें समझाया कि यदि ऐसा हुआ है तो वह इस मामले को प्रशासन के सामने उठाएं। उत्तर प्रदेश किसान सभा उनका पूरा साथ देगी।