कोसीकलां। ब्रजमंडल साधु समाज के अध्यक्ष एवं कोकिलावन स्थित शनिधाम के श्रीमहंत प्रेमदास महाराज ने कहा कि संतों के सानिध्य से मनुष्य के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।
शुक्रवार को राधा माधव मंदिर में हरिनाम संकीर्तन के स्वर्ण जयंती वर्ष के मौके पर आयोजित संत सम्मेलन में प्रेमदास महाराज ने कहा कि संत सनातन धर्म के संरक्षण के साथ समाज कल्याण में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। सीताराम मंदिर के माधवदास महाराज ने कहा कि मानव जीवन का कल्याण संतों के सानिध्य में ही होता है।
पंचवटी पलवल के कांतादास महाराज ने कहा कि संत मनुष्य के कल्याण की ही नहीं बल्कि सर्वत्र प्राणियों के कल्याण की कामना करते हैं। मंदिर के महंत चैतन्यदास महाराज ने कहा कि इस कलियुग में हरिनाम संकीर्तन ही जीव के कल्याण का सर्वोत्तम साधन है। परमेश्वर दास, बालक दास, फूलडोल दास, टाटंबरी महाराज, रामदास फलाहारी, राधाचरन दास, श्याम दास, रासबिहारी, गोपीकृष्ण दास महाराज ने विचार व्यक्त किए।