जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह पश्चिम एक्सप्रेस के एसी बोगी के यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा। इसकी वजह रास्ते में यात्रियों के मोबाइल और अन्य सामान चोरी होने पर कोई मदद न मिलना था। जीआरपी-आरपीएफ ने समझाबुझाकर ट्रेन को रवाना किया।
बांद्रा से चलकर अमृतसर जाने वाली पश्चिम एक्सप्रेस शनिवार सुबह अपने तय समय से दस मिनट पूर्व 7:35 बजे जंक्शन स्टेशन पर आ गई। ट्रेन के एसी थ्री टियर की बोगी बी-2 के यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि कोटा स्टेशन के पास कई यात्रियों के मोबाइल और अन्य सामान चोरी हो गया।
इसकी जानकारी अन्य स्टॉपेज पर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। रेल यात्री ट्रेन को आगे न बढ़ने देने पर आमादा थे। जानकारी मिलने पर पहुंचे जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया। जीआरपी कर्मियों ने उन्हें स्टेशन पर उतरकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए कहा तो किसी यात्री ने अपनी ट्रेन छोड़ना मुनासिब न समझते हुए गंतव्य पर पहुंचकर ही मुकदमा दर्ज कराने में भलाई समझी।
इसके बाद ट्रेन अपने तय समय 7:50 पर निजामुद्दीन की ओर रवाना हो गई। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक पीके लवानिया ने बताया कि सामान चोरी होने पर पश्चिम एक्सप्रेस के यात्रियों के हंगामा करने की सूचना मिली थी। किसी भी यात्री ने एफआईआर दर्ज नहीं कराई और वह चले गए।