मथुरा। ब्रज रज उत्सव में सोमवार को पद्मश्री मनोज जोशी ने अपने प्रसिद्ध महानाट्य चाणक्य की प्रस्तुति दी। परिसर उनके अद्भुत अभिनय से मंत्रमुग्ध हो गया है। आचार्य चाणक्य की जीवन गाथा, उनके अद्वितीय ज्ञान, राष्ट्रनीति और समाज सुधार जैसी प्रस्तुतियों से परिसर में तालियों की आवाज गूंजती रहीं। मंगलवार शाम को सांसद हेमा मालिनी अपनी प्रस्तुति देंगी।
धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में आयोजित ब्रज रज उत्सव की शाम पद्मश्री मनोज जोशी के नाम रही। उन्होंने चाणक्य के संवादों को इतनी प्रभावशाली शैली में कहा कि हर शब्द दर्शकों के हृदय में उतर गया। मंच पर उभरते दृश्यों में चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य के संवाद, मगध की राजनीति और नंद वंश के अंत की झलकें दिखाई दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद हेमा मालिनी, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने किया। इस दौरान एमवीडीए उपाध्यक्ष एसबी सिंह, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ सूरज पटेल, नगर आयुक्त जग प्रवेश, सीडीओ मनीष मीना, एसडीएम सदर अभिनव जे जैन मौजूद रहे। संवाद