बरसाना (मथुरा)। नगर निगम द्वारा वृंदावन से पकड़े बंदरों को बरसाना में छोड़े जाने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सोशल मीडिया पर आंदोलन व अधिकारियों की घेराबंदी करने की बात कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यहां पहले से ही काफी बंदर हैं। प्रशासन को चाहिए की मंकी सफारी बनाकर बंदरों को वहां छोड़ा जाए।
बता दें कि हाल ही में वृंदावन में जर्जर मकान का छज्जा गिरने से पांच श्रद्धालुओं की मौत के बाद नगर निगम ने वृंदावन से बंदरों को पकड़कर बरसाना में छोड़ने को लेकर स्थानीय निवासी विनोद बाबा के शिष्य पंडित बाबा, मैन मंदिर के सुनील सिंह, योगेंद्र सिंह छोंकर, विवेक मथुरिया, ठाकुर राजेंद्र सिंह, लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, संजीव ठाकुर, गोपाल बाबा आदि लोगों ने रोष जाहिर किया है।
एक स्वर में कहा कि बरसाना में पहले से काफी संख्या में बंदर गहवर वन व कस्बे, देहात में मौजूद हैं। यहां परिक्रमार्थियों व आम लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। सरकार को चाहिए कि बंदरों के लिए एक मंकी सफारी बनाकर उसमें छोड़ा जाए। जिससे लोगों को परेशानी न हो। ऐसा न हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।