मथुरा। परिषदीय विद्यालयों में अब विद्यार्थियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। घटती छात्र संख्या और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग ने यह व्यवस्था फिर से लागू करने का निर्णय लिया है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और शिक्षकों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश जारी किए हैं कि ब्लॉकों के सभी विद्यालयों में ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली को तत्काल प्रभाव से शुरू कराएं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक या नामित शिक्षक को प्रतिदिन सुबह बच्चों की उपस्थिति मोबाइल एप या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज करनी होगी। यह डाटा सीधे बीएसए कार्यालय और मुख्यालय तक पहुंच जाएगा। जिससे छात्रों की वास्तविक उपस्थिति का पता चलता रहेगा। इसके साथ ही मिड डे मील के रजिस्टर भी ऑनलाइन किए जाएंगे। बीएसए रतन कीर्ति ने बताया कि ऑनलाइन उपस्थिति से यह स्पष्ट होगा कि कितने बच्चे प्रतिदिन स्कूल आ रहे हैं। इससे न केवल उपस्थिति बढ़ेगी, बल्कि शिक्षकों की जवाबदेही भी तय होगी।
पहले भी शुरू हुई थी प्रक्रिया
हालांकि इससे पूर्व भी शासन स्तर से ऑनलाइन हाजिरी की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन उस समय शिक्षक संगठनों के विरोध के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। अब एक बार फिर विभाग ने इस योजना को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।