उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहली बार विश्वविद्यालय ने विभिन्न कोर्सेज के लिए आनलाइन आवेदन मांगे हैं।
उत्तर प्रदेश का एक मात्र वेटरनेरी विश्वविद्यालय मथुरा में स्थित है। इसमें प्रवेश की प्रक्रिया भी प्रदेश स्तरीय होती है। अब तक विवि के विभिन्न कोर्सेज में एडमिशन के इच्छुक छात्र-छात्राओं को आवेदन के लिए या तो मथुरा आना पड़ता था या डाक विभाग का सहारा लिया जाता था। इससे सबसे अधिक परेशानी पूर्वांचल के छात्र-छात्राओं को होती थी।
पहली बार विश्वविद्यालय ने आनलाइन आवेदन प्रक्रिया की शुरूआत की है। शनिवार को विश्वविद्यालय ने इस आशय का नोटिस भी जारी कर दिया। इसमें कालेज आफ वेटरनेरी साइंस और कालेज आफ बायोटेक में संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और डिप्लोमा कोर्सेज के लिए आवेदन आनलाइन मांगे हैं।
उप रजिस्ट्रार डा. ब्रजेश यादव ने बताया कि आनलाइन आवेदन प्रक्रिया शनिवार से शुरू होकर आठ अगस्त तक चलेगी। प्रत्येक कोर्स के लिए आवेदन की अंतिम तिथि भी अलग-अलग तय की गई हैं। इससे अब वेटरनेरी क्षेत्र में आने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को सहूलियत मिलेगी।
यहां करें आवेदन
www.upvetuniv.edu.in
फार्म शुल्क
- कालेज ऑफ वेटरनेरी साइंस के लिए- 1500 रुपये
- कालेज ऑफ बायोटेक और डिप्लोमा कोर्सेज - 1000 रुपये
- शुल्क ऑनलाइन (ई-बैंकिंग, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड द्वारा) ही फार्म के साथ जमा करना होगा