चौमुहां। थाना जैंत क्षेत्र के गांव चौमुहां निवासी एक युवक के अपहरण, मारपीट और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले में जैंत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में प्रयुक्त कार भी उसके कब्जे से बरामद की गई है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा चौमुहां निवासी गौरव को कार सवार कुछ लोग जबरन गाड़ी में डालकर अपने साथ अगवा कर ले गए थे। आरोपियों ने युवक के साथ गंभीर रूप से मारपीट भी की। यह घटना तब हुई जब गौरव अपने साथी विजय सिंह के साथ वृंदावन स्थित गेस्ट हाउस पर जा रहे थे। गौरव को अपहरणकर्ता हरियाणा के पलवल स्थित अलालपुर चौक पर छोड़कर भाग गए थे। वहीं विजय सिंह ने गौरव के साथ हुई वारदात पर आरोपियों के खिलाफ थाना जैंत में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
सीओ सदर संदीप कुमार ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि युवक के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने हरियाणा के जिला पलवल की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी ललित पुत्र राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर जब्त कर लिया गया है। वहीं वारदात में शामिल ललित के अन्य साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही हैं और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।