मथुरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूर्व सांसद रामजी लाल सुमन के नेतृत्व में पार्टी का 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मथुरा पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल ने अस्पताल में पहुंचकर सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। इसमें पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल सादाबाद पूर्व एमएलसी डॉ. असीम यादव, जिलाध्यक्ष लोकमणिकांत जादौन, महानगर अध्यक्ष डॉ. अबरार हुसैन, प्रदीप चौधरी शामिल रहे।
रामजीलाल सुमन ने कहा कि थाना कोसीकला के तहत 23 नवंबर को उप निरीक्षक का पेपर देने जा रही छात्रा के साथ यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था का हाल जाहिर कर रही है। जिस तरीके से घटना हुई है वह पुलिस की लापरवाही है। घटना से एक सप्ताह पहले पीड़िता के पिता का सड़क हादसे में निधन हुआ था। परिवार उस दुख से उभर नहीं पाया था, उसी बीच में यह घटना होने से परिवार पूरी तक टूट गया है।
सरकार से मांग करते हैं पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा, समुचित इलाज तथा परिवार के एक सदस्य को भरण पोषण के लिए सरकारी नौकरी दी जाए। घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल घटना से जुडे़ तथ्यों से अपनी रिपोर्ट समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को प्रस्तुत करेगा। समाजवादी पार्टी प्रत्येक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।