मथुरा। गोविंदनगर के किशोरी नगर में रूपचंद के खेत में गूलर के पेड़ पर वृद्ध लटका मिला। गले में प्लास्टिक की रस्सी का फंदा लगा हुआ था। खेत मालिक की सूचना पर पहुंची बिड़ला मंदिर पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि वृद्ध डिप्रेशन में चल रहा था।
थाना गोविंदनगर के खादर में राधाकृष्ण वाटिका निवासी रामवीर कश्यप(५८) किराए पर परिवार के संग यतीश शर्मा के मकान में रह रहे थे। बुधवार सुबह ७ बजे निकले फिर घर नहीं लौटे। परिजन उसकी तलाश करते रहे, पर कोई सुराग नहीं लगा। शाम को ४ बजे खेत मालिक रूपचंद ने गोविंदनगर पुलिस को यह सूचना दी।
इस बीच आसपास लोगों की भीड़ भी जुट गई। सूचना पर पहुंचे बिड़ला मंदिर चौकी प्रभारी मुनेंद्र पाल ने शव को पेड़ से उतारकर कब्जे में लिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि सुबह घर से निकलने के बाद वृद्ध घर नहीं लौटा। उसके तीनों बेटों ने काफी तलाश किया लेकिन सुराग नहीं लग सका था।
शाम को खेत मालिक की सूचना पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त करके परिजनों को सूचित किया गया। काफी दिनों से वृद्ध डिप्रेशन में चल रहे थे। उसी के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या की है। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।