कोसीकलां। नगर में पेयजल को लेकर बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने सोमवार को कक्ष में जलकल अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बैठक की। नए व पुराने वार्डों में पेयजल को लेकर चल रहे कार्यों की समीक्षा की। चेयरमैन ने कहा कि गर्मी में कोई बहाना नहीं चलेगा। समय से पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त कर लें।
अमृत योजना के तहत नगर में पेयजल को लेकर कई अहम कार्य चल रहे हैं। पाइपलाइन बिछाए जाने, नलकूप की बोरिंग, नलकूप की मरम्मत, मोटर की क्षमता बढ़ाने, हैंडपंप की मरम्मत समेत अन्य काम चल रहे हैं। समीक्षा बैठक में चेयरमैन ने कहा कि जहां पर बिजली की कमी के चलते आपूर्ति बाधित हो रही हो वहां पर समन्वय स्थापित कर आपूर्ति सुचारू कराएं। गर्मी के सीजन में परेशानी नहीं हो।
कहा कि इस समय लोगों को जरूरत के तहत स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना जलकल विभाग की जिम्मेदारी है। किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। चेयरमैन ने कहा कि सभासदों व नागरिकों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व प्रभावी ढंग से निस्तारण करें। नगर पालिका सीमा क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का विवरण तलब किया। जेई विकास चौहान, राजेश अग्रवाल, निरंजन शर्मा आदि मौजूद थे।