मथुरा। बीते दिनों विभिन्न गोशालाओं का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने शत-प्रतिशत ईयर टैगिंग, भूसा व हरे चारे की व्यवस्था, अस्थायी गोवंश की संख्या के अनुरूप शेड और बारिश के समय में बचाव इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीते दिनों विभिन्न गोशालाओं के निरीक्षण में पाया गया कि गोवंश के लिए किसी भी प्रकार की सुविधा नहीं है, कई जगह भूसा-चारा और पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं मिला। कई गोशालाओं में गोवंश तो बीमार मिले, जिनका ठीक से उपचार नहीं हो रहा है। इसलिए डीएम ने सभी अधिकारी गोआश्रय स्थलों पर पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
कहा है कि अगर किसी अधिकारी ने काम में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडे, उपायुक्त उद्योग रामेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त रामजी, उप कृषि निदेशक राजीव कुमार, डीसी मनरेगा विजय कुमार पांडे, जिला उद्यान अधिकारी मनोज चतुर्वेदी समेत अन्य मौजूद रहे।