जिला सेवा योजन अधिकारी ब्रजबाला गुप्ता ने अपने ही बाबू पर बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह इन हालातों में काम नहीं कर सकतीं। दफ्तर का बाबू धमकी देकर कहता है कि तुमसे झाड़ू लगवा दूंगा, आए दिन अभद्र व्यवहार करता है। डीएम के समक्ष अपना दुखड़ा बताते समय रोने लगीं सेवा योजन अधिकारी।
बताए अनुसार घटना नौ दिसंबर की है। वह इस संबंध में वृंदावन पुलिस से भी शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। 15 दिसंबर को उन्होंने जिलाधिकारी नितिन बंसल से शिकायत की। उन्होंने कहा कि लिपिक सुनील गुप्ता मेरे पूर्ववर्ती अफसरों के साथ मारपीट कर चुके हैं। इस पर उन्हें बर्खास्त किया गया था, जिनकी कोर्ट के आदेश पर फरवरी माह में बहाली हुई है।
जिला सेवायोजन अधिकारी की शिकायत के बाद डीएम के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष आरोपी बाबू शनिवार को तलब हुआ। उसने जिला सेवायोजन अधिकारी पर ही बोनस न देने, इनकमटैक्स सहित विभिन्न बिंदुओं पर उत्पीड़न के आरोप लगाए।