मथुरा। अब रोगियों को थायराइड की जांच के लिए प्राइवेट लैबों पर जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि वृंदावन के जिला संयुक्त चिकित्सालय में थायराइड की जांच सोमवार से शुरू हो गई है। इसके लिए तकनीशियनों द्वारा एलाइजा मशीन को चालू कर दिया है।
जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में थायराइड की जांच उपलब्ध नहीं थी। इस कारण रोगी निजी लैबों में सात सौ से एक हजार रुपये खर्च कर जांच कराने को मजबूर थे, लेकिन अब वृंदावन के जिला संयुक्त चिकित्सालय में थायराइड की जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इसके लिए तकनीशियनों की टीम ने अस्पताल में थायराइड की जांच की एलाइजा मशीन को चालू कर दिया है। साथ ही जांच की जाने लगी है। इस मशीन में एक दिन में 20 रोगियों की जांचें की जा सकेंगी।
बताया जा रहा है कि थायराइड जांच की एलाइजा मशीन पिछले एक साल से अधिक समय से जिला संयुक्त चिकित्सालय में लखनऊ से आई थी, लेकिन तकनीशियनों और स्टाफ की कमी के कारण इस मशीन को चालू नहीं किया गया था। सीएमएस विनीत कुमार यादव ने बताया कि अस्पताल में थायराइड की जांच के लिए अत्याधुनिक मशीन को तकनीशियनों द्वारा चालू कर दिया गया है। अब यहां प्रतिदिन 20 रोगियों की जांचें हो सकेंगी, लेकिन यहां थायराइड की जांच उन्हीं मरीजों की जाएगी, जिनको जिला संयुक्त चिकित्सालय के चार डॉक्टरों द्वारा जांच के लिए लिखा गया होगा।
सीएमएस ने बताया कि अस्पताल के डॉ. केके गुप्ता, डॉ. लखन सिंह तंवर, डाॅ. नेहा गर्ग, डाॅ. रश्मि गोयल द्वारा थायराइड की जांच लिखने के बाद ही अस्पताल में जांच की जाएगी।