मथुरा। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षार्थियों को सहूलियत देते हुए एक आदेश जारी किया है। इसके अनुसार, अब परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष के बाहर जूते-मोजे नहीं उतारने होंगे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 22 फरवरी से आरंभ हो रही हैं। जिले के 127 केंद्रों पर लगभग 76 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इसके लिए जिले में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन आदेश के अनुसार, इस वर्ष की बोर्ड की परीक्षाओं में परीक्षार्थियों से परीक्षा कक्ष के बाहर जूते-मोजे नहीं उतरवाए जाएंगे।
अभी तक परीक्षा कक्ष के बाहर परीक्षार्थियों से जूते-मोजे उतरवा लिए जाते थे। जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया जाएगा कि वह परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों से जूते-मोजे न उतरवाएं।
कल से शुरू हो जाएंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 25 जनवरी से आरंभ हो रहीं हैं। परीक्षाएं दो चरण में होंगी। प्रथम चरण में जिन जिलों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं होनी हैं, उनमें मथुरा भी शामिल है। इसके लिए विद्यालयों में तैयारियां शुरू हो गई हैं।