मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र तथा पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य में लापरवाही बरत रहीं कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्धारित समय तक कार्य पूरा करने के लिए कहा है।
यह बैठक तीर्थ विकास परिषद के सभागार में हुई। इस दौरान सीईओ सूरज पटेल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि शासन द्वारा कुल 157 परियोजनाएं स्वीकृत की गई थीं, इसमें से 108 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। 35 का कार्य जारी है और तीन निविदा प्रक्रिया में हैं। जबकि 11 परियोजनाएं निरस्त हो चुकी हैं। कोसी के कोकिला वन शनिधाम में परिक्रमा मार्ग का निर्माण, मथुरा एवं वृंदावन के बीच प्रेक्षागृह का निर्माण, वृंदावन के सुनरख खादर में सौभरि नगर वन स्थापना फेज-2 का कार्य, गांव करहला स्थित बज्रनाभ की समाधि का जीर्णोद्धार का कार्य आदि शामिल हैं। इस पर प्रमुख सचिव ने धीमी गति से हो रहे कार्यों की गति बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही ब्रज की पौराणिक एवं सांस्कृतिक थीम पर कार्य करने को कहा।
पर्यटन सुविधा केंद्र में आने वाले पर्यटकों का डाटा तैयार करने, प्राचीन कुंडो का जीर्णोद्धार, साइन बोर्ड, शहर की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने वृंदावन परिक्रमा मार्ग में सभी तारों को एकत्रीकृत करने, नालों को ढकने, पोल को हटाने, सड़कों व डिवाइडर को एकरूप बनाने का सुझाव दिया। इस दौरान एसएसपी श्लोक कुमार, एमवीडीए उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, एमडीएम डॉ. पंकज वर्मा, एमवीडीए सचिव आशीष जादौन, डीएफओ वेंकटा श्रीकर पटेल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।