मथुरा। ब्रज चौरासी परिक्रमा मार्ग में परिक्रमार्थियों को एक्सपायरी डेट की दवाएं बांटने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। शनिवार को सीएमओ ने जांच टीम को लिखित में आदेश जारी कर दिया। इसके बाद टीम ने सीएचसी प्रभारी, फार्मासिस्ट और सीएचओ को नोटिस भेजा है। समिति जल्द ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बयान दर्ज करेगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राल के अंतर्गत आने वाले गांव तारसी में लगे स्वास्थ्य शिविर में परिक्रमार्थियों को एक्सपायरी दवा का वितरण कर दिया गया था। बाद में एक्सपायरी दवाओं के रैपर और दस्तावेज जलाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। लिखित में आदेश मिलने के बाद एसीएमओ डॉ. आलोक कुमार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टीम ने सीएचसी प्रभारी, फार्मासिस्ट और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जांच समिति यह पता लगाएगी कि शिविर में एक्सपायरी डेट की दवाएं कैसे पहुंचीं, उनकी उपलब्धता के लिए कौन जिम्मेदार था। दवाओं के वितरण से पहले गुणवत्ता और वैधता की जांच क्यों नहीं की गई। जांच टीम दवा वितरण से जुड़े अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, एक्सपायरी रिकॉर्ड भी देखेगी। सीएमओ डॉ. राधावल्लभ ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।