मथुरा। रोडवेज की बसें सौंख रोड पर संचालित न होकर केवल कागजों पर दौड़ रही थीं। यात्रियों की शिकायत और अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद निगम के अधिकारी चेते और बस संचालकों को नोटिस दिए हैं।
पिछले कुछ दिनों से मथुरा से सौंख के लिए रोडवेज की बसें नहीं जा रही थीं। ऐसे में यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा रहा था। अमर उजाला ने 25 अप्रैल को सौंख रोड पर कागजों में रोडवेज बसों का संचालन शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद रोडवेज के अधिकारियों ने इसकी निगरानी कराई। रोडवेज के वरिष्ठ लेखाकार संतोष अग्रवाल ने बताया कि 8 अनुबंधित बस संचालकों को नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही उनसे तीन दिन में जवाब मांग है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की ओर से सौंख तक बसें नहीं संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद जवाब मांगा है। यदि सौंख तक बसों का संचालन नहीं होगा तो कार्रवाई की जाएगी।