मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फरमान का असर पुलिस पर नहीं पड़ा है। मुख्यमंत्री का सख्त आदेश है कि हर मुकदमे को दर्ज किया जाए, लेकिन मथुरा में पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे ग्रामीणों को शेरगढ़ थाने से भगा दिया गया। ग्रामीण न्याय के लिए शनिवार को एसएसपी आफिस पर दिन भर धरने पर बैठे रहे तब कहीं पुलिस कप्तान ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शनिवार दोपहर धीमरी गांव के लोग इकट्ठे होकर कलक्ट्रेट पहुंच गए। यहां सभी धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। वह कई दिनों से शेरगढ़ थाने के चक्कर लगा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि धीमरी के राजेंद्र, शेर सिंह और मुन्नी फसल काटकर ट्रैक्टर से लौट रहे थे, रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें डंडों से पीटा।
थाना शेरगढ़ पुलिस ने सुनवाई नहीं की। एसएसपी मोहित गुप्ता ने यहां पहुंचकर लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस कप्तान के आश्वासन पर लोगों ने धरना खत्म किया। जिक्र केवल इसी गांव के लोगों का नहीं है, बल्कि जिले के अधिकांश थानों में सुनवाई नहीं हो रही है। मुकदमा दर्ज कराने को भी ग्रामीण एसएसपी आफिस तक पहुंच रहे हैं।