मथुरा। स्वाट और वृंदावन पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़े बाइक चोर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने मंगलवार को नौ माह का कारावास और दो हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। युवक से चोरी की 24 बाइकें बरामद हुई थीं।
थाना प्रभारी निरीक्षक वृंदावन रवि त्यागी ने बताया कि 8 अगस्त 2024 को मांट निवासी सुरेश चंद की बाइक गोपालखार परिक्रमा मार्ग से चोरी हो गई थी। पुलिस ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी। थाना पुलिस 12 अगस्त को स्वाट टीम प्रभारी अभय शर्मा के साथ चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कान्हा माखन स्कूल को जाने वाले रास्ते पर एक बाइक सवार को रोका।
पूछताछ में उसने अपना नाम राया के पीरी गढ़ी निवासी राहुल बताया। बाइक के कागजात मांगे तो वह सकपका गया। पुलिस को शक हुआ तो उसे थाने ले आई और कड़ी पूछताछ की। इसके बाद राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने रुक्मिणी विहार कॉलोनी में बाउंड्री हुए एक प्लाॅट से चोरी की 24 बाइकें बरामद कीं। पुलिस ने राहुल को 13 अगस्त को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया और विवेचना के बाद चार्जशीट भी कोर्ट में दाखिल कर दी।
मामले की सुनवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में हुई। कोर्ट में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस पर कोर्ट ने उसे सजा सुनाई और जेल में बिताई अवधि को सजा में समायोजित करने का आदेश दिया है।