जंक्शन स्टेशन की सेकंड एंट्री पर शनिवार को शुरू हुए वेटिंग हॉल पर रविवार को ताला लगा मिला। उद्घाटन अवसर पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने इसे यात्रियों के लिए समर्पित बताया था लेकिन अब यात्री इसे सुविधाओं का दिखावा बता रहे हैं।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एके मित्तल ने जीएम एनईआर महेश मंगला और डीआरएम आगरा मंडल प्रभाष कुमार के साथ शनिवार को सेकंड एंट्री पर बने स्लीपर और अपर क्लास के वेटिंग हॉल का लोकार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने कहा था कि सेकंड एंट्री की ओर से आने वाले यात्रियों के लिए वेटिंग हॉल में आराम करने और ट्रेन का इंतजार करने की सुविधा रहेगी।
इससे रेलयात्रियों को गर्मी में परेशान नहीं होगी लेकिन रविवार को ही स्थिति चेयरमैन के कथन से इतर दिखाई दी। प्रतीक्षालयों पर ताले लगे हुए थे और यात्री हॉल के बाहर ही फर्श पर लेटे ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
गोवर्धन से परिक्रमा कर लौटे दिल्ली के युवाओं के दल में शामिल सत्यवीर ने बताया कि परिक्रमा कर लौटे हैं, काफी थकान हो रही है।
आराम करने के लिए वेटिंग हॉल की ओर आए तो यहां ताले लगे मिले। इससे सीढ़ियों पर बैठकर और जमीन पर लेटकर ही थकान उतारने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों को सुविधाएं देने का दिखावा कर रहा है। इसके बाद रेलवे के अधिकारियों से कारण पूछा गया तो उन्होंने जवाब से बचते नजर आए।
इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों से वार्ता कर ताला लगाए जाने का कारण पूछा जाएगा। फिलहाल उनसे वार्ता नहीं हो पा रही है।
भूपिंदर ढिल्लन, पीआरओ