हेरिटेज सिटी डेवलपमेंट के तहत मथुरा के लिए सिटी लेवल एडवाइज कमेटी गठित कर दी गई है। जिलाधिकारी इसके अध्यक्ष होंगे। सीडीओ को मिशन निदेशक बनाया है। इसके अलावा सांसद और विधायक के साथ मथुरा-वृंदावन के चेयरमैन भी कमेटी के सदस्य होंगे।
भारत सरकार देश के 12 प्राचीन शहरों को हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इसमें उत्तर प्रदेश से बनारस के साथ मथुरा भी शामिल है। पिछले सप्ताह सरकार ने इसके लिए सिटी एंकर का चयन किया था। अब सिटी लेवल एडवाइज कमेटी का गठन कर दिया है।
इसमें डीएम मथुरा अध्यक्ष और मुख्य विकास अधिकारी मिशन निदेशक बनाए गए हैं। इसके अलावा सांसद हेमामालिनी, मथुरा-वृंदावन के विधायक प्रदीप माथुर, जीएलए विवि के कुलाधिपति नारायणदास अग्रवाल, मथुरा की चेयरमैन मनीषा गुप्ता, वृंदावन चेयरमैन मुकेश गौतम, दोनों पालिकाओं के ईओ, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नगेंद्र प्रताप, सचिव एसबी सिंह, आर्किटैक्ट मयंक गर्ग, सिटी एंकर के रूप में ब्रज फाउंडेशन से विनीत नारायण और जीएलए विवि के सॉफ्टवेयर इंजीनियर रंजीत सिंह इसमें शामिल हैं। यह समिति हेरिटेज सिटी मथुरा के लिए योजना बनाएगी और भारत सरकार को अपने सुझाव देगी।