मथुरा। स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। नए बस अड्डे के निकट तीसरी रेलवे लाइन परियोजना के तहत बनाए जा रहे रेलवे अंडरपास के निचलीकरण (लोअरिंग) का कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया गया है। इसके बाद बुधवार आज सुबह से यह मार्ग आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
मथुरा-भूतेश्वर रेलखंड पर आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक का इस्तेमाल करते हुए इस अंडरपास का कायाकल्प किया गया है। पहले इस अंडरपास की ऊंचाई बेहद कम (मात्र 3 मीटर) थी, जिसके कारण अक्सर यहां बड़े वाहन फंस जाते थे और लंबा जाम लग जाता था। अब नए निर्माण कार्य के बाद इसकी भूमितल से ऊंचाई बढ़ाकर 3.7 मीटर कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यदि मौसम साफ रहा और भारी बारिश नहीं हुई तो बुधवार सुबह इस अंडरपास को पूरी तरह से आम जनमानस के यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने कहा कि इस अंडरपास के खुलने से न सिर्फ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि पहले की तुलना में यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित रहेगा। अब छोटे वाहनों के साथ-साथ बड़े व्यावसायिक और आवश्यक सेवाओं वाले वाहन भी बिना किसी रुकावट के आसानी से यहां से गुजर सकेंगे।
14 दिन से बंद होने से चरमरा गई थी यातायात व्यवस्था
मथुरा। नए बस स्टैंड अंडरपास में चल रहे निर्माण के चलते पिछले 14 दिन से मथुरा-वृंदावन का यह मुख्य मार्ग बंद था। इस वजह से समूचे शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई थी। रूट डायवर्जन के कारण वाहन शहर के अंदरूनी हिस्से से गुजर रहे थे। इससे लंबे-लंबे जाम लग रहे थे और मिनटों के रास्ते घंटों में पूरे हो रहे थे।