मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती रात पड़ोसी युवकों की पिटाई से क्षुब्ध युवक की विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के भाई विक्रम निवासी नावली ने बताया कि उनके 40 वर्षीय भाई संदीप सिंह का मंगलवार शाम लगभग 7-8 बजे के बीच पड़ोसियों से मामूली बात को लेकर झगड़ा हो गया था। संदीप को पहले हमलावरों ने घर के बाहर पीटा और बाद में जब वह गांव के बुजुर्गों से इसकी शिकायत करने पहुंचा तो वहां भी उसे घेरकर जमकर पीटा गया।
इससे क्षुब्ध होकर संदीप अपने घर पहुंचा। विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। देर रात लगभग ढाई बजे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। गंभीर हालत में मां चंद्रवती उसको लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील पहुंचीं, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर हसनपुर चौकी प्रभारी अशेष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम गृह पर मृतक के भाई ने बताया कि संदीप खेती-बाड़ी का कार्य करते थे। कुछ वर्ष पूर्व उनका अपनी पत्नी से तलाक हो गया था। मां के साथ रहकर वह अपने बेटे का पालन पोषण कर रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बुधवार देर रात गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा।