बाजना । बाजना इंटर कॉलेज (मोरकी) के छात्र नवीन कुमार ने विपरीत परिस्थितियों और आर्थिक तंगहाली के बावजूद देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई में ऑल इंडिया 1837वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नवीन के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। घर का खर्च चलाने और पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए नवीन स्कूल से आने के बाद खेतों में मजदूरी करते थे और दूसरों के घरों में जाकर पुताई (पेंटिंग) का काम करते थे। दिनभर पसीना बहाने के बाद, रात को जब लोग सोते थे तब नवीन पुस्तकालय (लाइब्रेरी) में बैठकर घंटों पढ़ाई करते थे। नवीन ने अपनी शुरुआती शिक्षा सरकारी स्कूल से पूरी की है। उन्होंने 10वीं में 87.5 और 12वीं में 84 फीसदी अंक हासिल किए। कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान नवीन भावुक हो गए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मां और गुरुजन को दिया। नवीन का परिवार मूल रूप से नौहझील क्षेत्र के गांव नवीपुर का रहने वाला है नवीन के दादा खुशीराम पापड़ बेचकर घर चलाते थे। नवीन के सिर से अचानक पिता का साया उठ चुका है। मां शीतल खेत में मजदूरी कर बच्चों का पालन कर रही हैं। प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद कुमार शर्मा और विद्यालय के स्टाफ ने नवीन की आगे की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रिया में सहयोग के लिए अपनी ओर से 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि सौंपी। संवाद