गांव सेमरी में विराजमान नरी सेमरी देवी मां के दर्शन।
छाता। चैत्र नवरात्र के पावन पर्व के प्रथम दिन बृहस्पतिवार को प्रसिद्ध नरी-सेमरी देवी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर जय माता दी... के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिर में पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालु हाथों में फल, फूल, मिष्ठान और पूजा की थाली लेकर माता के दरबार में कतारबद्ध नजर आए। भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए मंदिर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए। मंदिर के पुजारी नत्थी सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एक द्वार से प्रवेश और दूसरे से निकास की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी विक्रम सिंह, मनोज कुमार और भूरा सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे। संवाद