मथुरा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने नंदगांव में परिक्रमा मार्ग को संवारने की योजना बनाई है। मार्ग के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ मरम्मत कार्य कराया जाएगा। फिलहाल इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। मंजूरी के बाद कार्य शुरू होगा।
अधिकारियों के मुताबिक, मथुरा-वृंदावन के साथ-साथ गोवर्धन, नंदगांव और बरसाना में हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। त्योहार के समय देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां घूमने के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसलिए सरकार जिले के अधिकतर तीर्थस्थलों का जीर्णोद्धार करा रही है। इसी के तहत नंदगांव में परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद सीईओ एसबी सिंह ने बताया है कि धर्मार्थ विभाग द्वारा नंदगांव परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण होगा। इसकी योजना बनाई गई है। फिलहाल प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। मंजूरी के बाद कार्य शुरू होगा।