मथुरा। मथुरा-वृंदावन मार्ग पर डीग गेट के पास 2124 वर्गगज खाली भूमि को कब्जाने की कोशिश में हर्षित अग्रवाल और पीयूष अग्रवाल के नाम थाना गोविंदनगर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। सहायक नगर आयुक्त(एसएनए) राजकुमार मित्तल ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़कर दिए हर्षित अग्रवाल को गोविंदनगर पुलिस ने थाने से छोड़ दिया।
नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त ने राजकुमार मित्तल ने बुधवार को नगर निगम की जमीन पर लगे बोर्ड पर हर्षित अग्रवाल और पीयूष अग्रवाल लिखा देखा। इस दौरान निगम द्वारा लगवाई गई फेंसिंग भी काट दी गई ािी। एसएनए ने दोनों नाम मिटवाकर जायदाद मालिक नगर निगम लिखवाया। बृहस्पतिवार को नगर निगम की बजाय दोनों नाम लिखे मिलने पर एसएनए ने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से हर्षित अग्रवाल को गोविंदनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
हर्षित को गोविंदनगर पुलिस ने छोड़ दिया पर नजूल लिपिक बिहारी शरण तिवारी की तहरीर पर थाना गोविंदनगर में हर्षित अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, नीलेश अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, पंकज गोयल, मौ. मकसूद रिजवी, अनवार, अख्तरजहां, प्रताप सिंह, शहनवाज, शाह फैसल, शाहरूख खान, तुषार और कृष्ण कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना गोविंदनगर के प्रभारी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।