वृंदावन (मथुरा)। ऊर्जामंत्री और क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत शर्मा ने शुक्रवार की रात श्रीबांकेबिहारी मंदिर के आसपास सफाई व्यवस्था सहित विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्हाेंने अधिकारियों को 22 गलियों में चल रहे कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
वृंदावन पहुंचे ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा ने वीआईपी पार्किंग, श्रीबांकेबिहारी मंदिर को देखा। यहां गलियों की वर्तमान स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिजली, सीवर, निर्माण संबंधी सभी विकास कार्य जल्द पूरे किए जाए। इस स्थिति में श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना भी करना पड़ रहा होगा। इसके अलावा उन्होंने सफाई को लेकर खास दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों के आसपास किसी भी स्थिति में गंदगी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए। इस दौरान पुलिस, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।