मथुरा। शासन की ओर से बच्चों की पढ़ाई व स्वास्थ्य के लिए तरह-तरह की योजनाएं व कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर विभागीय अधिकारी पलीता लगा रहे हैं। स्कूली बच्चों की आंख की जांच और चश्मा देने का अभियान लड़खड़ा गया है। जिले में 1,800 बच्चों को चश्मा ही नहीं मिल सका। इससे उन्हें पढ़ाई-लिखाई में भी दिक्कत हो रही है।
वित्तीय वर्ष पूरा होने में एक माह का भी समय नहीं बचा है और ऐसे में स्कूली बच्चों की आंख की स्क्रीनिंग और चश्मा वितरण अभियान का लक्ष्य पूरा होना मुश्किल हो गया है। राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से स्कूलों में शिविर लगाकर बच्चों की आंख की जांच की जाती है और उन्हें चश्मा दिया जाता है।
वर्ष 2024-25 में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आंख की स्क्रीनिंग कर 2,500 बच्चों को चश्मा देने का लक्ष्य तय किया गया था। अब तक 28 फीसदी यानी 700 बच्चों की स्क्रीनिंग कर स्वास्थ्य विभाग बच्चों को चश्मा उपलब्ध करा सका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि ब्लाॅक स्तर पर टीम को कार्य में तेजी लाकर इस माह में लक्ष्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।