मथुरा। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 60 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराने का रास्ता साफ हो गया है। साथ ही बदहाल केंद्रों की दशा भी सुधरेगी। इनमें रंगाई-पुताई से लेकर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। शासन से प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये की मंजूरी मिली है। टेंडर प्रक्रिया के बाद कार्य शुरू होगा।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, बीते दिनों में पंचायती राज विभाग ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में 60 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसके साथ ही 31 केंद्रों की वॉल पेंटिंग और 82 केंद्रों के रंगाई-पुताई मरम्मत कार्य का भी प्रस्ताव दिया था।
25 फरवरी को प्रस्तावित योजना पर शासन से मंजूरी मिल गई है। इसमें प्रत्येक केंद्र निर्माण के लिए 2 लाख रुपये, प्रत्येक केंद्र में वॉल पेंटिंग के 11 हजार रुपये की मंजूरी दी है। साथ ही प्रत्येक केंद्र की रंगाई-पुताई व मरम्मत के लिए 3 हजार रुपये की स्वीकृति दी है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने बताया है कि प्रस्तावित योजना पर शासन से मंजूरी मिल गई है। विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सचिवों को जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया के बाद कार्य शुरू होगा।
इन तहसील व ब्लॉकों में बनेंगे केंद्र
राया- 3, मथुरा देहात-6, नंदगांव -9, बलदेव -14, गोवर्धन -8, छाता -6, चौमुहां-5, मांट-7 व फरह में 2 केंद्र बनाए जाएंगे।