वृंदावन। धर्म की नगरी में एक युवक ने अपना कहकर विश्वासघात कर दिया। नौकर ने उनके मोबाइल से 23 हजार रुपये निकाल लिए, इस बात की जानकारी हुई तो कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस ने बताया कि छटीकरा रोड स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास रहने वाले अमरनाथ गौतम ने आरोप लगाया है कि 3 जुलाई को विशाल गौतम नामक युवक को अपने पड़ोसी मित्र रामबाबू सिंह के रेस्टोरेंट पर रखा था। आरोपी विशाल मूल रूप से करहैया, मुडाका, तहसील सादाबाद, जिला हाथरस का निवासी है। 4 जुलाई की सुबह विशाल ने सफाई कर्मचारी सोनू का मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
इसके बाद 5 जुलाई को आरोपी ने बातचीत के दौरान अमरनाथ का मोबाइल भी धोखे से अपने कब्जे में ले लिया। चूंकि आरोपी को पीड़ित के पेटीएम का पासवर्ड पहले से मालूम था। वह कभी-कभी उससे पेमेंट कराते थे। इसलिए उसने उसका दुरुपयोग करते हुए 23,451 की राशि अलग-अलग ट्रांजेक्शन में अपने मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर कर ली। संवाद